Brahma Kumaris
LIVE BK Shivani , Business & Industry Wing Inaugural Functions 18-07-2026
“व्यापार में सफलता के लिए आध्यात्मिक जागृति” विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला एवं मेडिटेशन रिट्रीट का शुभारंभ
माउंट आबू, 16 जुलाई 2026।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग एजुकेशन एवं रिसर्च फाउंडेशन के व्यापार एवं उद्योग प्रभाग द्वारा 16 से 20 जुलाई 2026 तक ज्ञान सरोवर, माउंट आबू में आयोजित पाँच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला एवं मेडिटेशन रिट्रीट का शुभारंभ 16 जुलाई सायं 5:30 बजे हार्मनी हॉल में हुआ। कार्यशाला का विषय “व्यापार में सफलता के लिए आध्यात्मिक जागृति” है। इस कार्यक्रम में देशभर से व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र से जुड़े 300 से अधिक प्रतिनिधि, उद्यमी एवं उद्योगपति सहभागी बने।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी, ज्ञान सरोवर की निदेशिका एवं ब्रह्माकुमारीज़ की संयुक्त मुख्य प्रशासिका ने कहा कि व्यवसाय में वास्तविक सफलता केवल आर्थिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरूकता, आंतरिक शांति, नैतिकता और मानवीय मूल्यों से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि परमात्मा का निवास किसी विशेष स्थान पर नहीं, बल्कि प्रत्येक आत्मा के भीतर उनके प्रकाश के रूप में है। जैसे घर में बिजली का प्रकाश अंधकार को दूर करता है, वैसे ही परमात्मा की स्मृति आत्मा को शांति, शक्ति और आनंद से भर देती है। जब मन शांत होता है, तभी सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है और जीवन तथा व्यवसाय दोनों सफल बनते हैं। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को आंतरिक शांति का अनुभव भी कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शांतनु डी. पराशर, डायरेक्टर (ऑपरेशन), एनपीसीआईएल, मुंबई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ के संपर्क में आने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने से कार्यस्थल पर बेहतर नेतृत्व, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित होती है, जिससे कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है।
विशिष्ट अतिथि श्री पी. श्याम, जीएम (सीएसआर), एनएमडीसी एवं निदेशक, एनएमडीसी सीएसआर फाउंडेशन ने कहा कि लगभग 25–30 वर्ष पूर्व ब्रह्माकुमारीज़ का एक प्रेरणादायी कार्यक्रम देखने के बाद उनके जीवन की दिशा बदल गई। आध्यात्मिकता ने उन्हें संयम, नैतिकता और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी, जिसका पालन वे आज भी अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में करने का प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में बीके दीपा बहन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ की विश्वव्यापी सेवाओं का परिचय दिया। व्यापार एवं उद्योग प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके हरीश भाई ने प्रभाग द्वारा देशभर में संचालित विभिन्न सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी तथा आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित व्यापार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय संयोजक बीके लालजी भाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य एवं विषय-वस्तु से प्रतिभागियों को अवगत कराया। अंत में बीके मोहन भाई पटेल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन बीके नीलम बहन ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आध्यात्मिकता और व्यवसाय के समन्वय पर आधारित विचारों को अत्यंत प्रेरणादायी एवं व्यवहारिक बताया।
LIVE BK Shivani , Business & Industry Wing Inaugural Functions 18-07-2026



